जनक्रांति ब्यूरों

हरिद्वार। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर में पहले दिन हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चार आयु वर्गों में हुए ट्रायल में 77 बालक और 39 बालिकाओं समेत कुल 116 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
खिलाड़ियों की प्रतिभा परखने के लिए बैट्री टेस्ट के साथ खेल विशेष कौशल और दक्षता को चयन का आधार बनाया गया। 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, 6×10 शटल रन, मेडिसिन बॉल थ्रो और 800 मीटर दौड़ जैसे टेस्ट में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग और खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को हर महीने दो हजार रुपये छात्रवृत्ति और सालाना 10 हजार रुपये खेल उपकरण के लिए मिलेंगे। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।
शुक्रवार को पांच खेलों में ट्रायल
21 अगस्त को योगस्थली खेल परिसर में सुबह आठ बजे से बास्केटबॉल, ताईक्वांडो, फुटबॉल, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल के चयन ट्रायल होंगे। चयन प्रक्रिया खेल, शिक्षा, चिकित्सा और युवा कल्याण विभाग के समन्वय से संचालित की जा रही है।
