लक्सर और सुल्तानपुर की मिठाई दुकानों में मिली गंदगी, पांच किलो खराब मिठाई हटवाई; प्रतिष्ठानों को नोटिस

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। दीपावली पर मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को लक्सर, सुल्तानपुर और कनखल में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला की जांच में 78 खाद्य पदार्थों में से 13 के नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। वहीं, खामियां मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपायुक्त लैब बीएस बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने सुल्तानपुर और लक्सर की मिठाई निर्माण इकाइयों व दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के सात नमूने मौके पर जांच के लिए लिए गए।

लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स और खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्षों में गंदगी मिली। इसके अलावा खुली मिठाइयों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। लक्ष्मी स्वीट्स में भी मिठाइयों पर जरूरी तिथियां अंकित नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया। सुल्तानपुर की मिठाई निर्माण इकाई को डिब्बों और ट्रे पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता और खाद्य लाइसेंस नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए।
मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला ने मिठाई, मसाले, तेल, दूध और दुग्ध उत्पादों समेत 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की। इनमें 13 उत्पाद मानकों के अनुरूप नहीं मिले। ऐसे खाद्य पदार्थों को मौके से हटवाया गया। खाटू श्याम स्वीट्स से करीब पांच किलो खराब मिठाई भी हटवाई गई।

उधर, नगर निगम क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में टीम ने कनखल के दक्ष रोड और झंडा चौक क्षेत्र में निरीक्षण किया। खन्ना स्वीट हाउस से चांदी के वर्क का नमूना लिया गया। मिठाइयों पर निर्माण और यूज बाई डेट अंकित नहीं मिलने पर संचालक को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस दिया गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा शर्मा दुग्ध भंडार से खोया और वृजवासी स्वीट्स से छैना का नमूना लिया गया। विभाग ने अभियान के दौरान कुल 10 विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना लेने की कार्रवाई जारी रहेगी।
