विधायक मदन कौशिक के विकास कार्यों और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए अनिल मिश्रा

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। हरिद्वार में भाजपा ने अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। पूर्व नगर निगम पार्षद अनिल मिश्रा ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी नए सदस्यों को पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। अनिल मिश्रा की समर्थकों के साथ भाजपा में वापसी को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
अनिल मिश्रा ने भाजपा की विचारधारा और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की बात कही। कार्यक्रम में संत स्वामी सर्वेश्वर मुनि महाराज, स्वामी राजाराम महाराज और स्वामी निखिल महाराज का सानिध्य रहा।

इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अनिल मिश्रा और उनके समर्थकों की भाजपा में घर वापसी से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए सदस्य पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
