
होटल युवराज में एएचटीयू और सिडकुल पुलिस की संयुक्त छापेमारी, दो पीड़ित महिलाओं को कराया मुक्त
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र के एक होटल में देह व्यापार की सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से देह व्यापार में संलिप्त पाए जाने पर एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। वहीं, होटल से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर होटल युवराज में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके पर एक महिला और दो पुरुष कथित रूप से देह व्यापार में संलिप्त पाए गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने होटल से दो पीड़ित महिलाओं को भी बरामद किया। दोनों महिलाओं को सकुशल बाहर निकालकर पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला, उपनिरीक्षक राखी रावत, हेड कांस्टेबल राकेश, दीपक डबराल और महिला कांस्टेबल शशिबाला शामिल रहे। सिडकुल पुलिस टीम से उपनिरीक्षक प्रियंका इजराइल, कांस्टेबल जितेंद्र और मनीष ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
