। जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शांति हेरिटेज होटल में एनआरआई महिला का शव मिलने से सनसनी मच गई। मृतक महिला की शिनाख्त 66 आना चौहान के रूप में हुई है जो इंग्लैंड से एक दल के साथ भारत घूमने के लिए आई थी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबित हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित शांति हेरिटेज होटल में एक महिला आकर ठहरी थी। महिला ने अपना नाम आना चौहान बताया और हरिद्वार में घूमने के लिए आई थी। मंगलवार सुबह होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला शव बरामद हुआ। महिला का शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई है। मामला इंग्लैंड से जुड़ा हुआ होने के कारण पुलिस ने पुलिस प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक विदेशी महिला कई लोगों के दल में इंग्लैंड से भारत घूमने आई थी।
नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया किए पुलिस मामले की जांच में जुटी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह पता चल पाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा होटल स्टाफ और उसके साथ आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
