
जनक्रांति ब्यूरो
रंगोत्सव का पर्व होली केवल रंगों का उत्सव नहीं,बल्कि मृदुता,सहजता और अपनत्व की त्रिवेणी का पर्व है। यह पर्व प्रत्येक भारतीय के लिए मानसिक ताजगी,भावनात्मक संतुलन और सामाजिक जुड़ाव का प्रभावी माध्यम बनें।….
भारतवर्ष हमारे तीज-त्योहारों की पावन धरा है। पर्वों की निरंतरता बहु संख्यक समाज में उसकी सांस्कृतिक समृद्धि और सामूहिक उल्लास का संकेत मानी जाती है। रंगों का पर्व होली केवल एक पर्व नहीं,बल्कि भारत की धड़कनों में गूंजता सामाजिक समरसता का संगीत है। रंगोत्सव रंगों का एक ऐसा संवाद है,जिसमें अतीत की राख से भविष्य के रंग जन्म लेते हैं। होली का दार्शनिक आधार भारतीय चेतना की गहराइयों में निहित है। भक्त प्रह्लाद की अटूट श्रद्धा और होलिका के दहन की कथा केवल पौराणिक आख्यान नहीं,बल्कि मनुष्य के भीतर चलने वाले सत्य और असत्य के संघर्ष का रूपक है।
होलिका दहन के साथ जब हिरण्यकशिपु का अहंकार अग्नि में भस्म होता है,तब यह केवल एक पात्र का अंत नहीं,बल्कि अन्याय,दंभ और विभाजनकारी मानसिकता का भी अंत है। जब तक हमारे भीतर की असमानता नहीं जलेगी,तब तक होलिका दहन अधूरा है। तब तक बाहर की समरसता अधूरी रहेगी और फिर रंगोत्सव के दिन जब रंग चेहरे पर लगते हैं, तब असर मन पर होता है। उस क्षण न कोई ऊंच-नीच का प्रश्न रह जाता है, न अमीर-गरीब का अंतर। रंग सबको एक-सा बना देते हैं-एक ही हंसी,एक ही उमंग,एक ही स्पर्श हमें यह बताता है कि विविधता विरोध नहीं,सौंदर्य है। जैसे अनेक रंग मिलकर इंद्रधनुष रचते हैं, वैसे ही विभिन्न समुदाय मिलकर राष्ट्र के आत्मा को पूर्ण बनाते हैं।
भारत के कोने-कोने में होली के रूप भिन्न हैं, पर भाव एक है। ब्रज मंडल में होली वसंत पंचमी से शुरू होकर रंगभरनी एकादशी के बाद चरम पर पहुंचती है। लड्डूमार से लट्ठमार तक अनोखे उत्सव हमें देखने को मिलते हैं और देश-विदेश से लोग इसे देखने ब्रज पहुंचते हैं। बरसाने की लट्ठमार होली में हंसी सचमुच हवा में घुली रहती है। गलियों में उड़ता गुलाल, छतों पर खिलखिलाहट और चौक की ठिठोली से जैसे मानों पूरा ब्रज मुस्कुराता दिखता है। सजी महिलाएं लाठियां थामे आगे बढ़ती हैं,पुरुष ढाल संभाले शरारती अंदाज में बचते दिखते हैं। यह सब प्रेम की मीठी नोक-झोंक का उत्सव है।
ब्रज में हंसी-ठिठोली के बीच होली की परंपरा केवल निभाई जाती है। ब्रज की होली का दृश्य ऊपर से भले ही चंचल दिखता है,परन्तु इसमें भीतर से गहरी सांस्कृतिक स्मृति धड़कती है। यह राधा-कृष्ण की आनंदमयी लीलाओं का स्मरण कराती है, जहां रूठना-मनाना भी प्रेम का ही एक रंग है। यहां स्त्री उत्सव की केंद्र-बिंदु बनकर उभरती है, उसकी सक्रियता शक्ति और स्नेह के सुंदर संतुलन का प्रतीक बनती है। एक ऐसा संतुलन, जिसमें हास्य भी है, सम्मान भी और अपनापन भी। वहीं वृंदावन की फूलों की होली में जब रंगों के स्थान पर पुष्प बरसते हैं तो वातावरण मानो सुगंधित भक्ति से भर उठता है। ब्रज की होली वस्तुतः अद्वैत का उत्सव है, जहां बाहरी रंग भीतर की चेतना को रंग देते हैं।
रंगोत्सव हमें याद दिलाता है कि यदि एक दिन के लिए हम भेद भूल सकते हैं तो सदा के लिए क्यों नहीं? रंग केवल बाहरी पदार्थ नहीं, बल्कि भावनाओं के प्रतीक हैं। लाल प्रेम का, पीला आशा का, हरा नवजीवन का,नीला विश्वास का। ये रंग हमें सिखाते हैं कि जीवन श्वेत-श्याम नहीं,उसमें अनेक स्वर और छायाएं हैं। यदि हम केवल अपने ही रंग को सर्वोच्च मानेंगे तो संघर्ष जन्म लेगा, पर यदि हम सब रंगों को स्वीकार करेंगे तो यह समरसता का एक अद्भुत चित्र बनेगा। आज जब समाज भिन्न-भिन्न जाति, विचारों और पहचानों में बंटता दिखता है, ऐसे समय में होली का उत्सव हमें आपसी मतभेद छोड़ने का संदेश देता है।
मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो रंगोत्सव होली आज की भागदौड़ और दबाव भरी जीवनशैली में एक सशक्त तनाव-नाशक उत्सव है। रंगों के साथ खुलकर हंसने, नाचने और गले मिलने से जहां तनाव और अकेलेपन की भावना कम होती है। वहीं यह पर्व दबे हुए भावों को सहज वातावरण में व्यक्त करने का अवसर देता है। गिले-शिकवे भूलकर मेल-मिलाप करना मानसिक बोझ हल्का करता है और संबंधों में नई ऊष्मा भरता है। सामूहिक उल्लास व्यक्ति को ‘मैं’ से ‘हम’ की ओर ले जाता है। आज जहां डिजिटल युग में,संबंध स्क्रीन की रोशनी में सिमटते जा रहे हैं, वहीं रंगोत्सव होली वास्तविक स्पर्श के महत्व को पुनर्स्थापित करती है।
रंगोत्सव का पर्व होली केवल इंस्टाग्राम की रील या फेसबुक पर रंगीन सेल्फी का अवसर नहीं,बल्कि वास्तविक संवाद का उत्सव बनें। यह पीढ़ी विविधता, समावेशिता और समानता की बात करती है। होली उन्हें इन मूल्यों को जीने का अवसर देती है। जब वे पर्यावरण अनुकूल रंग चुनते हैं, सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के साथ खुलकर मिलते हैं, तब वे समरसता को केवल शब्द नहीं, कर्म बना देते हैं। इस प्रकार होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि मानसिक ताजगी, भावनात्मक संतुलन और सामाजिक जुड़ाव का प्रभावी माध्यम है। यह मृदुता, सहजता और अपनत्व का वह त्रिवेणी पर्व है, जो मन के मैल को प्रेम की वर्षा में बहा देता है। ‘होली है…’ कहकर हम विविध रंगों में एक चेतना का उत्सव मनाते हैं और समरसता को जीते हैं।
