जनक्रांति ब्यूरो हरिद्वार। गृह मंत्री अमित शाह के दौरेको लेकर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच रानीपुर क्षेत्र के सुमननगर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर पूरे परिवार को आतंकित किया और लाखों के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस में रिपोर्ट करने पर बदमाशों ने परिवार को धमकी भी दी। इस घटना से परिवार दहशत में है। लूट की घटना से सुमननगर क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।सुमननगर, सलेमपुर महदूद निवासी अनिल कुमार ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात वह परिवार के साथ अपने घर में सोया हुआ था। देर रात करीब दो बजे छत के रास्ते हथियारों से लैस तीन नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए और उन्हें जगाते हुए कनपटी पर तमंचा तान दिया। तीनों बदमाशों ने तमंचे व चाकू लिए हुए थे। परिवार को खौफजदा करते हुए बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। घर से करीब छह लाख रुपये के जेवरात और करीब 88 हजार की नकदी लूट ली। पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी बदमाशों ने दी। पीड़ित ने सुबह सुमननगर चौकी की पुलिस की घटना की जानकारी दी और लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने बताया कि घर से एक मंगलसूत्र, सोने के चेन, कान की झुमकी, एक जोड़ी बाली, सोने के कुंडल, एक जोड़ी पायल व 85 हजार रुपये की नकदी बेड से और तीन हजार की नकदी जेब से लूटी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
