बहादराबाद । (बीबी चंदेला)क्षेत्र के ग्राम अत्मलपुर बोंगला में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्या समाधान बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिजौला, ग्राम प्रधान नीरज चौहान, उप ब्लॉक प्रमुख उधम सिंह चौहान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी सुंदरलाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। गांव में पेयजल संकट सबसे बड़ी समस्या के रूप में उभरकर सामने आया, जबकि चकरोड (ग्रामीण मार्ग) की दयनीय स्थिति भी प्रमुख मुद्दों में शामिल रही।
आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में पानी की टंकी तक उपलब्ध नहीं है, जिससे छोटे बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक प्रभु सिंह चौहान ने जानकारी दी कि गांव में लगभग 2000 से अधिक पानी के कनेक्शन होने के बावजूद नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे लगभग एक चौथाई आबादी प्रभावित है। इस संबंध में कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
ग्रामीण शशि भूषण ने क्षेत्र में नीलगाय और जंगली हाथियों की बढ़ती समस्या को भी गंभीर बताया। ग्राम प्रधान नीरज चौहान ने कहा कि विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद तीन वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने शीघ्र समाधान की मांग की। वहीं निशांत चौहान ने भी पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अनुज चौहान, सुशांत चौहान, देशराज चौहान, प्रभु मुंशी, नीटू चौहान, श्यामू, सरिता चौहान, कल्याण सिंह, अंशुल चौहान, अभिलाष चौहान, भारत भूषण चंदेला, शशि भूषण, महेंद्र सिंह, मनोज चौहान, बेबी, अरुणा देवी, राधा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

