जनक्रांति ब्यूरो

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की उषा टाउनशिप में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में पुलिस को अहम सफलता मिली है। गोलीकांड के एक नामजद आरोपी ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 28 जनवरी को जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित कुमार निवासी पंजनहेड़ी, कनखल की तहरीर पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि अतुल चौहान सहित कुल छह आरोपियों ने वादी के भाई सचिन चौहान और कृष्णपाल पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में सचिन चौहान के पेट और कृष्णपाल के हाथ में गोली लगी थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के दौरान 28 जनवरी को मुख्य आरोपी अतुल चौहान पुत्र सुखवीर सिंह ने थाना कनखल पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। साथ ही उसने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी पुलिस के सुपुर्द कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
