जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार। दक्षेश्वर महादेव मंदिर के आसपास कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा से आए कुछ कांवड़िये मंदिर क्षेत्र में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई। मारपीट के दौरान आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया। भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।
—————
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में देर रात एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मारपीट में युवक के बाएं हाथ में तीन स्थानों पर फ्रैक्चर आने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले में चार नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजलोक कॉलोनी, सराय रोड निवासी वैभव दत्ता पुत्र स्व. विजय दत्ता ने बताया कि 13 फरवरी की रात वह अपने परिचित विशाल सूद की दुकान, न्यू मार्केट सब्जी मंडी सराय में मिलने गया था। आरोप है कि उसी दौरान सैफ मंसूरी वहां पहुंचा और उससे अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सैफ ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
कुछ ही देर में सहरीयाज निवासी कस्साबान, चांद सलमानी निवासी ज्वालापुर, सुहेल मंसूरी निवासी ज्वालापुर सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और सभी ने मिलकर उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लात-घूंसों और मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण में बाएं हाथ में तीन फ्रैक्चर पाए गए। चिकित्सकों ने उसे उपचार के बाद घर भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही मंडी क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
—————-
हरिद्वार। चौधरी चरण सिंह घाट पर नहाते समय पंजाब से आए एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व जल पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली पुलिस को शनिवार दोपहर सूचना मिली कि ऊंचे पुल के पास एक युवक स्नान करते समय गंगा की तेज धारा में बह गया है। युवक पहले उथले पानी में नहा रहा था, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह गहराई की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही जल पुलिस को भी बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मृतक की पहचान शिव शंकर (24) पुत्र दयापाल निवासी साईं नगर लोनार थाना फतेहपुर 84 जिला उन्नाव उत्तर प्रदेश। वह पंजाब में काम करता था। हरिद्वार घूमने आया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके हरिद्वार पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
