विधायक आदेश चौहान के सम्मान में जुटे क्षेत्रवासी, विकास कार्यों के लिए जताया आभार

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। शिवालिकनगर के वार्ड-1 में पार्क के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर स्थानीय जनता की ओर से रानीपुर विधायक आदेश चौहान के सम्मान में आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, पार्क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

सभासद वीरेंद्र अवस्थी ने विधायक की सक्रियता और क्षेत्र में उनकी सहज उपलब्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि वार्ड-1 में पार्क के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
जिला निकाय प्रकोष्ठ के सह-संयोजक एवं पूर्व सभासद अशोक मेहता ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्यों को प्राथमिकता मिली है। क्षेत्र में लगातार योजनाओं की स्वीकृति और उनका धरातल पर क्रियान्वयन जनता के लिए राहत की बात है।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ, सभासद पंकज चौहान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
