हरिद्वार पंचायत उपचुनाव: 17 पदों पर 12 अक्टूबर को मतदान
30 सितंबर से नामांकन, 14 अक्टूबर को मतगणना; पांच विकासखंडों में चुनाव

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। हरिद्वार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। बहादराबाद समेत पांच विकासखंडों में 17 रिक्त पदों के लिए चुनाव होगा। इनमें 14 ग्राम पंचायत सदस्य और तीन ग्राम प्रधान पद शामिल हैं। ये पद मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होने और न्यायालय के आदेश समेत विभिन्न कारणों से रिक्त हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार, 30 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 12 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी।
पांच विकासखंडों में 17 पद रिक्त
- भगवानपुर: छह पद — पांच ग्राम पंचायत सदस्य और एक ग्राम प्रधान
- लक्सर: पांच पद — तीन ग्राम पंचायत सदस्य और दो ग्राम प्रधान
- बहादराबाद: दो ग्राम पंचायत सदस्य
- नारसन: तीन ग्राम पंचायत सदस्य
- रुड़की: एक ग्राम पंचायत सदस्य
पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम
- 30 सितंबर और 1 अक्टूबर: नामांकन
- 3 अक्टूबर: नामांकन पत्रों की जांच
- 4 अक्टूबर: नाम वापसी
- 5 अक्टूबर: चुनाव चिह्न आवंटन
- 12 अक्टूबर: मतदान, सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक
14 अक्टूबर: मतगणना, सुबह 8 बजे से
डीएम मयूर दीक्षित ने संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और विकासखंड अधिकारियों को चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर राजनीतिक और स्थानीय गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
