
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच गुरुवार शाम छह बजे तक 39 लाख 15 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके साथ ही कांवड़ मेला शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने घरों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

हर की पैड़ी, गंगा घाटों और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर दिन-रात शिवभक्तों की आस्था उमड़ रही है। कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवड़, शिव भजनों की गूंज और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरी धर्मनगरी शिवमय बनी हुई है। दूर-दराज के राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उत्साह के साथ लौट रहे हैं।
भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठन पूरी मुस्तैदी से सेवा में जुटे हैं। आस्था, सेवा और समर्पण का यह विराट संगम हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को एक बार फिर पूरे देश के सामने स्थापित कर रहा है।
