
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। मूसलाधार बारिश के बीच भी कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर लगातार बनी हुई है। गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर खुद नारसन बॉर्डर पहुंचे और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जमीनी निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बॉर्डर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सेवाओं और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि भारी बारिश के बावजूद किसी भी शिवभक्त को परेशानी नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम और एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम की हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड में काम कर रहे हैं, ताकि लाखों शिवभक्त सुरक्षित और सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
