
सार्वजनिक स्थानों और ढाबों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 17,500 रुपये जुर्माना वसूला
फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने की मिल रही थीं शिकायतें, ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान
सिडकुल। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय घर लौटने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों के बीच पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए गए अभियान में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 70 लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान कर कुल 17,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय कुछ लोगों द्वारा नशे की हालत में राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों के आसपास और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों और अन्य चिह्नित जगहों पर शराब पीते तथा हुड़दंग करते मिले 70 लोगों को पकड़कर चालान किया गया

त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने कार्रवाई के साथ सभी को चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने या पिलाने और हुड़दंग करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में चेकिंग अभियान तेज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
