एसएसपी नवनीत सिंह ने सैनिक सम्मेलन में सुनीं जवानों की समस्याएं, मौके पर किया निस्तारण

अपराधियों की गिरफ्तारी और खुलासों में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग में योगदान देने वाले हरिद्वार पुलिस के 30 जवानों को सितंबर माह के लिए ‘मैन-वूमेन ऑफ द मंथ’ चुना गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सैनिक सम्मेलन में चयनित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
जवानों की समस्याएं सुनीं, मौके पर कराया समाधान
सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने विभिन्न थानों, कार्यालयों और शाखाओं से पहुंचे पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में जवानों की परेशानियों की जानकारी लेकर मौके पर ही उनके निस्तारण की कार्रवाई की। सम्मेलन में एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अपराधों के खुलासे में योगदान पर मिला सम्मान
सितंबर 2026 के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए अपराधों के खुलासे, आरोपियों की गिरफ्तारी और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 पुलिसकर्मियों का चयन सम्मान के लिए किया गया। एसएसपी ने जवानों की धरातल पर की गई मेहनत और अपराध अनावरण में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपराधमुक्त समाज बनाने में जुटे रहें जवान
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिस धरातल पर काम करती है और हर दिन खुद को साबित करने के अवसर मिलते हैं। जवान पूरी लगन से काम करें, ताकि वे दूसरे पुलिसकर्मियों के लिए भी उदाहरण बन सकें। उन्होंने अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर रोक लगाने और आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
इन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में कोतवाली नगर से कांस्टेबल राकेश, कनखल से वीरेंद्र चौहान और दिग्पाल भंडारी, श्यामपुर से हेड कांस्टेबल मनोज रतूड़ी, ज्वालापुर से उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, रानीपुर से कांस्टेबल अमन तोमर, सिडकुल से उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट और कांस्टेबल दीपक दानू शामिल हैं।
