फिटनेस, परमिट और निर्धारित यात्री क्षमता की जांच पर जोर, तीसरे दिन भी जारी रहा विशेष अभियान
जनक्रांति ब्यूरों

हरिद्वार। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए हरिद्वार में परिवहन विभाग ने लग्जरी बसों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। पड़ोसी राज्यों में हाल में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तीसरे दिन 35 चालान किए गए और दो बसों को सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जारी इस अभियान में बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा और निर्धारित यात्री क्षमता के अनुरूप संचालन की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वाहनों में अनधिकृत बदलाव और यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई की। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसें निर्धारित मानकों और परमिट की शर्तों के अनुरूप संचालित हों।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और चालकों को आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
