
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार। कांवड़ मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार और बिजनौर पुलिस ने रणनीति तैयार की है। रविवार को श्यामपुर क्षेत्र स्थित होटल में आयोजित अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में दोनों जिलों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, बॉर्डर चेकिंग और भीड़ प्रबंधन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया। बैठक के बाद अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रमुख डायवर्जन पॉइंट का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में तय किया गया कि कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार और बिजनौर की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जाएगी, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित समय और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की जाएगी। बैठक में कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, चिकित्सा, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।साथ ही डीजे संचालन को लेकर शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से दोनों जिलों की पुलिस के बीच तत्काल समन्वय स्थापित करने की रणनीति भी तैयार की गई। बैठक के बाद अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रमुख व्यवस्थाओं का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव, पुलिस अधीक्षक सिटी अभय सिंह, बिजनौर के अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय, हरिद्वार क्षेत्राधिकारी सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, नजीबाबाद क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी यातायात भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
