संत रविदास की 650वीं जयंती पर मुख्यमंत्री का संदेश—जन्म नहीं, श्रेष्ठ कर्म बनाते हैं महान; करोड़ों की विकास योजनाएं भी गिनाईं

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर के चुड़ियाला से समरसता संकल्प अभियान का जोरदार शंखनाद हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और राजनीतिक चेतना का संदेश गूंजा दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद जब मुख्यमंत्री स्वयं सिर पर कलश धारण कर कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे, तो पूरा वातावरण संत रविदास के समरसता संदेश और सामाजिक न्याय के उद्घोष से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है।” उन्होंने इसे केवल आध्यात्मिक संदेश नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की राजनीतिक दिशा बताते हुए कहा कि जब तक समाज से भेदभाव की जड़ें समाप्त नहीं होंगी, तब तक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण अधूरा रहेगा।

धामी ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अब सीधे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र के विकास कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य, तीन करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय और आठ करोड़ रुपये से नए तहसील भवन का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों को भी उन्होंने सरकार की प्राथमिकता बताया।


मुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को केवल स्मरण नहीं, बल्कि जीवन में उतारकर भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान कर अभियान को राज्य के हर जिले तक पहुंचाने का राजनीतिक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन ने जनसहभागिता और संगठनात्मक शक्ति का व्यापक प्रदर्शन किया।
