हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन, बोले— श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं, AI तकनीक के इस्तेमाल पर दिया जोर

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार,। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने हाईटेक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर पूरे मेला क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग देखी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।

राज्यपाल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर से भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक प्लान, संवेदनशील क्षेत्रों, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों के समन्वय की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों का लाभ उठाकर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत तथा तकनीक आधारित बनाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मानव बल और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रहे। स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर हर चुनौती का समय रहते समाधान किया जाए।
राज्यपाल ने स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए मशीन युक्त सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में AI भविष्य की आवश्यकता है और इसका अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। मेले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को सम्मानित करने की भी बात कही।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सकुशल, सुरक्षित एवं सफल संचालन तथा प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसडीएम योगेश कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक बीपेंद्र कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
