


करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के सैलाब को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के बाद अब खाकी की बारी थी सम्मान पाने की। दिन-रात ड्यूटी में जुटे पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ और ट्रेनी रिक्रूट्स के सम्मान में प्रेमनगर आश्रम तालियों से गूंज उठा।
कांवड़ मेला-2026 की सफल ‘अदायगी’ पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी फोर्स की पीठ थपथपाई और एडीजी कानून-व्यवस्था ने 3 दिन के पारितोषिक अवकाश का ऐलान कर मेहनत का बड़ा इनाम दिया।
हरिद्वार में खाकी का ‘शुक्रिया’ समारोह


हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन के बाद मंगलवार शाम प्रेमनगर आश्रम में पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ा खाना एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर के आला अधिकारियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी भी शामिल हुए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन समेत वरिष्ठ अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ मेले से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। मेले के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों और उपलब्धियों का जिक्र होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।


पहली बार मैदान में उतरे रिक्रूट्स की भी जमकर तारीफ
वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी और एसएसपी समेत पूरी टीम को बधाई दी। पहली बार विभागीय ड्यूटी पर उतरे ट्रेनी रिक्रूट्स के शानदार प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की गई। ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ की भूमिका को भी अधिकारियों ने महत्वपूर्ण बताया।

सम्मान के साथ मिला बड़ा इनाम
एडीजी कानून-व्यवस्था ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित किया। साथ ही पूरी फोर्स को सफल कांवड़ मेला संपन्न कराने की बधाई देते हुए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की।
समारोह में पुलिस-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामिलिट्री फोर्स के जवान, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और कांवड़ मेले की सफल ड्यूटी के बाद एक-दूसरे को बधाई दी।
