60 लाख की योजना पर जल संस्थान की तैयारी तेज, 30 जुलाई से पहले पूरे होंगे इंतजाम, तीन नए रिफिलिंग स्टेशन भी बनेंगे

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कांवड़ मेले में करोड़ों शिवभक्तों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड जल संस्थान ने बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। करीब 60 लाख रुपये की लागत से 50 किलोमीटर लंबे मेला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए 54 ट्रैक्टर टैंकर लगातार पानी की आपूर्ति करेंगे, जबकि 30 जुलाई से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
चमगादड़ टापू से लेकर मोहम्मदपुर झाल तक पूरे मेला क्षेत्र में कांवड़ियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। जल संस्थान छह रिफिलिंग टैंकरों की मदद से 54 टैंकरों का पुनर्भरण करेगा। पहले से मौजूद 10 रिफिलिंग प्वाइंट के अलावा पुल जटवाड़ा, बाजूहेड़ी और बेल्डा सल्फर में तीन नए रिफिलिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे, ताकि भीड़ बढ़ने पर भी पानी की आपूर्ति बाधित न हो।
कांवड़ मार्ग पर हर 500 मीटर की दूरी पर पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत 51 स्टैंड पोस्ट टैंक लगाए जाएंगे, जबकि विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक अतिरिक्त स्टैंड पोस्ट भी स्थापित किए जाएंगे।
हर वर्ष कांवड़ मेले में देशभर से करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होते हैं। इसे देखते हुए जल संस्थान ने इस बार भी निर्बाध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
