
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। भेल का सेक्टर-4 सोमवार को उस वक्त विश्वकर्मा समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया, जब श्री विश्वकर्मा सभा, भेल की ओर से भव्य परिवार मिलन एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। भगवान विश्वकर्मा के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के परिवार शामिल हुए। बच्चों, महिलाओं और युवाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुजफ्फरनगर के एसडीएम कृष्णकांत विश्वकर्मा और विशिष्ट अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित कई गणमान्य लोग पहुंचे। सभा पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
समारोह का सबसे खास पहलू सभा का स्वर्ण जयंती वर्ष रहा। सचिव अमित जांगिड़ ने बताया कि वर्ष 1976 में स्थापित विश्वकर्मा सभा, भेल 2026 में अपने 50 वर्ष पूरे कर रही है। इस मौके पर सभा की पांच दशक लंबी सामाजिक और सांस्कृतिक यात्रा को याद किया गया। साथ ही नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्ष धर्मपाल धीमान और सचिव अमित जांगिड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता मजबूत करने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभा के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और समाजबंधुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में अध्यक्ष नीरज धीमान, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र धीमान और सांस्कृतिक सचिव रामाशीष विश्वकर्मा ने अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार जताया।
