
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन धर्मनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार को 20 लाख 25 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही तीन दिनों में गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 45 लाख 35 हजार पहुंच गई है।
मेला कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हरकी पैड़ी समेत प्रमुख गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर दिनभर शिवभक्तों की भारी भीड़ रही। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से धर्मनगरी गूंजती रही।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी सुचारु रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार सक्रिय हैं।
प्रशासन ने शिवभक्तों से निर्धारित कांवड़ मार्गों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।
