चयन प्रक्रिया शुरू, विद्यालय स्तर से होगा प्रतिभाओं का चयन; पूरी प्रक्रिया की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत जिले के 300 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चयन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित कर छह आयु वर्गों में दो-दो बालक एवं दो-दो बालिकाओं का प्राथमिक चयन कराया जाए। खिलाड़ियों का चयन पी-सेट के निर्धारित मानकों के आधार पर होगा। योजना का लाभ केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी खिलाड़ियों को मिलेगा। आयु के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाणपत्र, विद्यालय का अंकपत्र अथवा बोनाफाइड प्रमाणपत्र मान्य होगा। चयनित खिलाड़ियों को बैंक पासबुक की प्रति भी जमा करनी होगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी चयन प्रक्रिया से जुड़े जिला एवं विकासखंड खेल समन्वयकों को प्रशिक्षण देंगे। जनपद स्तर पर होने वाली पूरी चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक चयन स्थल पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करेगा, जबकि शिक्षा एवं खेल विभाग संयुक्त रूप से आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था भी संबंधित विभाग करेंगे।
योजना के तहत प्रत्येक आयु वर्ग में 25-25 बालक और 25-25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित कुल 300 खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। साथ ही खेल विभाग समय-समय पर खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का निशुल्क मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा।
बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, व्यायाम प्रशिक्षक, जिला खेल समन्वयक तथा सभी विकासखंड खेल समन्वयक मौजूद रहे।
क्या है योजना
जिले के 300 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन।
प्रत्येक चयनित खिलाड़ी को 1500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति।
छह आयु वर्गों में विद्यालय स्तर से चयन।
चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी।
खेल विभाग देगा तकनीकी प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन।
मुख्य बातें
प्रत्येक विद्यालय में तीन सदस्यीय चयन समिति बनेगी।
पी-सेट मानकों के आधार पर होगा चयन।
स्थायी निवास और आयु प्रमाण अनिवार्य।
स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर निगरानी।
