जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में दिव्यांग नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिडकुल थाना पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 12 जून को रावली महदूद के ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय दिव्यांग बेटी के साथ योगेश सैनी ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों का आरोप था कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सोमवार को सुमन नगर स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर आरोपी योगेश सैनी (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काकड़ा का रहने वाला है और फिलहाल ब्रह्मपुरी, रावली महदूद में रह रहा था।
थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीषा नेगी और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।
