
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार नारी शक्ति को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस पर आरोप है कि उसने नारी शक्ति से जुड़े बिल को पास नहीं होने दिया। इस मुद्दे पर अब संत समाज भी खुलकर सामने आ गया है और कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंदर पुरी और साध्वी ऋतंभरा ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए हैं।नारी शक्ति को लेकर जारी राजनीतिक घमासान अब संत समाज तक पहुंच गया है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंदर पुरी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति से जुड़े बिल को पास नहीं होने देना उनकी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा और जनता उन्हें जवाब देगी।
वहीं साध्वी ऋतंभरा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरे देश को अब यह समझ आ गया है कि कांग्रेस की नारी शक्ति को लेकर क्या सोच है।
उन्होंने प्रदेश की जनता से आगे आकर जवाब देने की अपील की और कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है और आने वाले समय में यह मुद्दा चुनावी बहस का बड़ा केंद्र बन सकता है।
