
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। रविवार शाम चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते-ही-देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवे पर यातायात नियंत्रित करते हुए सुरक्षा घेरा बनाया, जबकि फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे लक्सर से टाटवाला श्यामपुर जा रही कार रसियाबड़ के पास पहुंची तो अचानक उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कर अन्य वाहनों को सुरक्षित निकाला और आग की चपेट में आने से बचाया। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले वाहन की तकनीकी जांच और सर्विसिंग कराने की अपील की है। साथ ही इलेक्ट्रिकल वायरिंग और फ्यूल लाइन की नियमित जांच कराने व वाहन में अग्निशामक यंत्र रखने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या फायर ब्रिगेड को सूचना देने को कहा।
