
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार । सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 90 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 48 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति, जलनिकासी और अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं की शिकायत बार-बार प्राप्त हो रही है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही तय की जाएगी, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में दर्ज सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए।
