
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था, सेवा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड ने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिवभक्तों के बीच पहुंचकर अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट पर्व है। राज्य सरकार का प्रयास है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में जुटे पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सराहना की। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल सहित संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए मौजूद रहे।
