
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा में आस्था की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। बेटे के स्वस्थ होने पर एक पिता ने महादेव से किया अपना अनोखा संकल्प पूरा करने के लिए कंधे पर बच्चे के वजन के बराबर गंगाजल उठाया और भोलेनाथ का जयघोष करते हुए अपने गंतव्य की ओर निकल पड़ा।
मुजफ्फरनगर से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त ने कांवड़ के एक ओर अपने बेटे को बैठाया, जबकि दूसरी ओर उसके वजन के बराबर गंगाजल रखा। इसके बाद पिता ने भारी कांवड़ को कंधे पर उठाया और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ यात्रा शुरू कर दी।

शिवभक्त ने बताया कि बेटे की तबीयत खराब होने पर उन्होंने सच्चे मन से महादेव से प्रार्थना की थी। जब बेटा स्वस्थ हुआ तो उन्होंने उसके वजन के बराबर गंगाजल चढ़ाने का संकल्प लिया। अब उसी मन्नत को पूरा करने के लिए वह कठिन कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।
रास्ते में जिसने भी पिता-पुत्र की यह अनोखी कांवड़ देखी, वह ठहर गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ शिवभक्त का उत्साह बढ़ाया और कई लोगों ने इस भावुक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था की यह तस्वीर अब चर्चा का विषय बनी हुई है। यह अनोखी कांवड़ एक पिता के प्रेम, महादेव के प्रति अटूट विश्वास और संकल्प की मिसाल बन गई।
