
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंचते ही धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से लाखों शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं ने प्रशासन और उत्तराखंड सरकार की खुले दिल से सराहना की।

मोदीनगर से आए शिवभक्त तरुण कुमार ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं बेहद उत्कृष्ट हैं। शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के साथ मुख्यमंत्री द्वारा कांवड़ियों के चरण प्रक्षालन और पुष्पवर्षा ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जीवनभर याद रहेगा।

छठी बार कांवड़ यात्रा पर आए गोपाल कश्यप ने बताया कि मेडिकल कैंप, भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन ने शिवभक्तों की सुविधा के लिए सराहनीय कार्य किया है।
शिवभक्त अखिल पंडित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कई बार कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया। अन्य श्रद्धालुओं ने भी कहा कि इस बार पूरी यात्रा के दौरान उन्हें सुरक्षा, सहयोग और सम्मान का विशेष अनुभव हुआ।

दिल्ली, नोएडा, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि पुलिस और प्रशासन हर कदम पर उनकी सहायता के लिए मौजूद है। यात्रा मार्गों पर बेहतर सफाई, सुचारु यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वागत की व्यवस्थाओं ने कांवड़ यात्रा को और अधिक सुखद बना दिया है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि शिवमय हुए हरिद्वार में आस्था के साथ सेवा और सुशासन का भी अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरे प्रशासन का आभार व्यक्त किया
