
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ रहा है। कांवड़ मेले के नौवें दिन शुक्रवार को 44 लाख 38 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 64 लाख 8 हजार श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ के बावजूद पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं।
प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित, सुचारु और स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग दें।
