
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार । धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले के अंतिम दौर में भी शिवभक्तों का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम छह बजे तक 63 लाख 60 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।
कांवड़ मेला शुरू होने से सोमवार शाम छह बजे तक का आंकड़ा 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार पहुंच गया है। इतनी बड़ी संख्या में शिवभक्तों के गंगाजल लेकर रवाना होने से हरिद्वार से लेकर कांवड़ मार्गों तक आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई दे रहा है।

शिवभक्त हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों से गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से धर्मनगरी गूंज रही है।
प्रशासन और पुलिस की ओर से भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
