
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार,। नहर पटरी पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीपल चौक से आगे धनोरी जाने वाली सड़क पर अचानक एक बाइक में आग लग गई। बाइक से धुआं और आग की लपटें उठती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आ गए।
पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए बाइक चालक और उसके साथ मौजूद लोगों को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से दूर हटाया। इसके साथ ही तत्काल फायर पुलिस टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद पुलिस ने बाइक को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवा दिया। पुलिस की तत्परता के चलते आग की चपेट में आने से लोग और आसपास का क्षेत्र सुरक्षित रहा। गनीमत रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सामान्य कराया। बाइक में आग लगने के कारणों की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
