कांवड़ यात्रा के सफल समापन पर प्रशासन ने दक्षेश्वर महादेव के दरबार में टेका माथा, पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद


जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के सफल और सुरक्षित समापन के बाद हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों अधिकारियों ने भगवान दक्षेश्वर महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक कर प्रदेश और धर्मनगरी की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

करोड़ों की भीड़, बड़ी चुनौती… सफल रहा कांवड़ मेला
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान करोड़ों शिवभक्तों का सैलाब हरिद्वार पहुंचा। विशाल भीड़, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं जैसी तमाम चुनौतियों के बीच पुलिस और प्रशासन ने लगातार मोर्चा संभाले रखा।

कांवड़ यात्रा के सफल समापन ने एक बार फिर साबित किया कि आस्था का महा सैलाब कितना भी विशाल हो और चुनौती कितनी भी बड़ी—सटीक प्लानिंग, लगातार मॉनिटरिंग और टीम वर्क से हर मुश्किल को पार किया जा सकता है।


महादेव के दरबार में जलाभिषेक के साथ अधिकारियों ने इस सफल आयोजन के लिए सहयोग देने वाले सभी विभागों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का भी आभार जताया।
