
जनक्रांति ब्यूरों
बहादराबाद।आरक्षण व्यवस्था में सुधार और यूजीसी से जुड़े प्रावधानों के रोलबैक की मांग को लेकर रविवार को बहादराबाद में स्वर्ण समाज ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। महासभा में बड़ी संख्या में लोग जुटे और सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं। मंच से साफ ऐलान किया गया कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा।

क्षत्रिय चौहान महासभा हरिद्वार के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि समाज की मांग किसी वर्ग के विरोध में नहीं है। व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें सभी को समान अवसर और न्याय मिले। वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम सिंह चौहान ने आरक्षण व्यवस्था की विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यूजीसी से जुड़े प्रावधानों पर भी गंभीरता से पुनर्विचार जरूरी है।

अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि विरोध किसी व्यक्ति या सरकार विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उन नीतियों के खिलाफ है जिन्हें समाज भेदभावपूर्ण मानता है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की पैरवी की। साथ ही कहा कि यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधान वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

महासभा में आंदोलन की जमीन मजबूत करने के लिए गांव और मोहल्ला स्तर पर संगठन खड़ा करने, समन्वय समिति बनाने और अलग संचार तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से अभियान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
