
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 की परीक्षा में हरिद्वार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार जिले से 666 छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। खास बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले चयनित विद्यार्थियों की संख्या करीब तीन गुना बढ़ गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा छह के जूनियर और कक्षा नौ के माध्यमिक स्तर की परीक्षा आयोजित हुई थी। दो सितंबर को परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद के मुताबिक जूनियर स्तर पर इस वर्ष 4,795 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 363 का चयन हुआ। पिछले साल 1,288 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और महज 88 चयनित हुए थे।
वहीं माध्यमिक स्तर पर इस बार 3,845 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और 303 विद्यार्थियों का चयन हुआ। पिछले वर्ष 1,686 विद्यार्थियों में से 122 चयनित हुए थे।
दोनों स्तरों को मिलाकर इस बार कुल 666 विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए चुने गए हैं। अधिकारियों के अनुसार बढ़ी भागीदारी और चयन की संख्या जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि की बेहतर तस्वीर पेश करती है।
विद्यार्थी अपना परिणाम और चयन की स्थिति एससीईआरटी उत्तराखंड के छात्रवृत्ति पोर्टल पर रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं।
