
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर या बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए अब हरिद्वार के लोगों को देहरादून के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गुरुवार को हरिद्वार में अत्याधुनिक UIDAI आधार सेवा केंद्र (ASK) शुरू हो गया। कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया और खुद अपना आधार अपडेट कराकर इसकी शुरुआत की।
नए केंद्र के शुरू होने से हरिद्वार के साथ रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यहां आधार नामांकन, मोबाइल नंबर, फोटो और पता अपडेट, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण जैसी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी।

मंत्री मदन कौशिक ने अभिभावकों से खास अपील की कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) समय पर जरूर कराएं। उन्होंने बताया कि UIDAI की ओर से 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा निशुल्क दी जा रही है। यह अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सरकारी सेवाओं में उपयोगी है।
केंद्र में व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम्य शौचालय और शिकायत निवारण की व्यवस्था की गई है। आठ आधुनिक ऑपरेशनल किट से लैस यह केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन संचालित होगा।

निवासी ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर भी आधार सेवा केंद्र पहुंच सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक केंद्र का संचालन सीधे UIDAI की व्यवस्था के तहत किया जाएगा और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था भी रहेगी।
शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, UIDAI के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
