प्रचार तेज कराने के निर्देश, अस्पतालों में लगेंगे फ्लेक्स-बैनर
जनक्रांति ब्यूरों

हरिद्वार। सड़क हादसा होते ही सबसे बड़ी चिंता इलाज के खर्च की होती है। अब पात्र दुर्घटना पीड़ितों को इस चिंता से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने PM-RAHAT योजना का प्रचार तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस, स्वास्थ्य और सूचना विभाग को योजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि हादसे के बाद पीड़ित को समय पर कैशलेस इलाज मिल सके।
विगत दिवस CCR में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल को तत्काल उपचार मिलना बेहद जरूरी है। योजना की जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति इसके लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

डीएम ने अस्पतालों में PM-RAHAT योजना के फ्लेक्स और बैनर लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे घायल और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचते ही योजना के तहत मिलने वाली सुविधा की जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद के सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसे में घायल पात्र व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता और योजना का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि पैसे की कमी या जानकारी के अभाव में किसी घायल का इलाज प्रभावित न हो।
