धनौरी कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा- नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भागीदारी जरूरी

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। नशे की लत केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए जागरूकता के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई युवाओं के सहयोग से ही लड़ी जा सकती है। यह बात अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने कही।

शुक्रवार को उत्तराखंड पुलिस की ओर से हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी में साइबर क्राइम एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन और एसएसपी नवनीत सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें
एसएसपी नवनीत सिंह ने विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ पुलिस अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों से सवाल-जवाब कर परखी जागरूकता
कार्यशाला में एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने प्रोफेसर की भूमिका में छात्र-छात्राओं से सीधे सवाल-जवाब किए। उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव, उसकी रोकथाम और सामाजिक जागरूकता में युवाओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ जवाब दिए। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा और विषय की समझ से प्रभावित एडीजी ने उनका उत्साहवर्धन किया और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।

लघु फिल्मों से समझाए साइबर अपराध के तरीके
देहरादून से पहुंची साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से लघु फिल्में और चित्र प्रदर्शित कर साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। टीम ने विद्यार्थियों को संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताने की अपील की।
इससे पहले महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी और सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने एडीजी व एसएसपी का स्वागत किया। अतिथियों ने कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश योगी ने किया।
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण अभय सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक देवव्रत जोशी, प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह, डॉ. अंजलि राठौर, डॉ. निशा रानी, डॉ. सरिता चंद्र, डॉ. राहुल देव, अंकेश चौहान सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
