
जनक्रांति ब्यूरो
– हरिद्वार । रावली महदूद गांव में अतिक्रमण हटाने को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन एक बार फिर एक्शन में नजर आया। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचे हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। दरअसल कुछ दिन पहले चले अभियान के दौरान आरोप लगे थे कि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसको लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से शिकायत की थी और कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने दोबारा टीम गठित कर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कराया। आज की कार्रवाई में उन सभी स्थानों को चिन्हित किया गया, जहां पहले अतिक्रमण शेष रह गया था।

प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाया और स्पष्ट संदेश दिया कि नियम सभी के लिए एक समान हैं। ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने बताया कि कुछ लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगा था, लेकिन तय समय के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन को मजबूरी में खुद अभियान चलाना पड़ा।प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और कहीं भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नायब तहसीलदार हरिद्वार प्रताप सिंह ने बताया727 अप्रैल को हटाए गए अतिक्रमण में ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को शिकायत कर प्रशासनिक टीम पर पक्षपात के आरोप लगे थे। उसके बाद जिला अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण किया था। उसके बाद जिला अधिकारी ने चिह्नित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। जिसे सोमवार को हटाया गया।
