
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी में प्रवेश को लेकर देशभर के युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 16 राज्यों के एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। इसके बाद 15 से 17 जुलाई तक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी और 18 जुलाई को इंटरव्यू लेकर अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
अकादमी के अनुसार उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार समेत 16 राज्यों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीए द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। अकादमी में यूपीएससी के साथ राज्य लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

इस बार प्रशिक्षण कार्यशाला की एक विशेषता यह भी रहेगी कि पतंजलि योगपीठ के करीब 50 संन्यासी भी इसमें शामिल होंगे और 18 जुलाई को होने वाले इंटरव्यू का हिस्सा बनेंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने यूपीएससी या पीसीएस की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर ली हो, लेकिन दो या अधिक प्रयासों के बाद भी इंटरव्यू में सफल नहीं हो सके हों, वे भी आवेदन कर सकते हैं।
