लग्जरी बसों पर शिकंजा, 12 के चालान और दो बसें सीज; स्कूल बसों और मालवाहक वाहनों की भी हुई जांच
जनक्रांति ब्यूरों


हरिद्वार। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में एक दिन में 120 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 35 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में लग्जरी बसों से लेकर स्कूल बसों, यात्री वाहनों और मालवाहक वाहनों तक की जांच की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा और निखिल शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर दस्तावेजों और तकनीकी स्थिति की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
लग्जरी बसों की तकनीकी जांच, दो सीज
अभियान में लग्जरी बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति पर विशेष निगरानी रखी गई। संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन की मौजूदगी में बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान 12 लग्जरी बसों के चालान किए गए और दो बसों को सीज किया गया। ये कार्रवाई कुल 120 चालान और 35 सीज वाहनों में शामिल है।
स्कूल बसों पर भी परिवहन विभाग की नजर

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बसों की भी जांच की गई। टीम ने वाहनों की फिटनेस, जरूरी दस्तावेजों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। इसके अलावा यात्री और मालवाहक वाहनों के अनुमन्य संचालन तथा संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और संचालकों को फिटनेस, परमिट, बीमा सहित सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क पर तकनीकी रूप से अनफिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
