मानदेय-भत्तों में होगी वृद्धि, गांवों को नगर निकायों में शामिल करने से पहले ग्राम पंचायतों से लिया जाएगा परामर्श

जनक्रांति ब्यूरों
देहरादून । उत्तराखंड में क्षेत्र पंचायतों को मजबूत बनाने और ब्लॉक प्रमुखों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार अहम घोषणाएं की हैं। क्षेत्र पंचायत निधि दोबारा शुरू होगी, पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में वृद्धि की जाएगी। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुखों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में शामिल किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निकायों में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों से विचार-विमर्श भी किया जाएगा।
सोमवार को शासकीय आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में उनकी अहम भूमिका है।
पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कदम उठा रही है। छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार राज्य के कर राजस्व में स्थानीय निकायों की हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पंचायत भवनों से वंचित ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण कराया जाएगा।
गांवों में रोजगार और रिवर्स पलायन पर जोर
सीएम ने कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाए बिना विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। होमस्टे, पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ-बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्यों, केदारखंड और मानसखंड मंदिरों के विकास तथा शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी अभियान से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कण्डारी, महासचिव गणेश चन्दोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट समेत विभिन्न क्षेत्रों के ब्लॉक प्रमुख और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
