हरिद्वार-यूपी में सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी मोटर मैकेनिक निकला; नहीं बिकने पर बाइकों के पार्ट्स बेचते थे

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में सक्रिय अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का बड़ा खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हरिद्वार और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा कई वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। गैंग का एक सदस्य मोटर मैकेनिक है, जो चोरी की बाइक नहीं बिकने पर उसके पार्ट्स निकालकर बेच देता था।
लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने नहर पटरी के पास से भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद हुई।


पूछताछ में दोनों ने हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर समेत कई क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि चोरी की बाइकों को सस्ते दामों में बेच देते थे और जो बाइक नहीं बिकती थी, उसके पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छापेमारी की, जहां से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में वाहन के पार्ट्स बरामद किए। बरामद बाइकों में रानीपुर, ज्वालापुर, सिडकुल, नगर कोतवाली, मंगलौर और उत्तर प्रदेश के बिजनौर से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। कई अन्य वाहनों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भव्य उर्फ भोला पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है और नशे का आदी है, जबकि उसका साथी सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है। दोनों लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
इस कार्रवाई को हाल के समय में हरिद्वार पुलिस की सबसे बड़ी वाहन चोरी बरामदगी में से एक माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
