हरिद्वार में उमड़ी लाखों की भीड़, हाईवे से पार्किंग तक अफसरों की पैनी नजर

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके साथ ही डाक कांवड़ियों की भीड़ तेजी से बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बढ़ते यातायात दबाव और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।


रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण किया और पार्किंग, वाहनों की आवाजाही तथा यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी।

डीएम ने पार्किंग स्थलों पर बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। बारिश के कारण जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल जल निकासी के इंतजाम करने के साथ ही हाईवे पर रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पांच अगस्त से भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों को बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं दोपहिया वाहनों के लिए गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ और यातायात प्रबंधन को लेकर निगरानी और बढ़ा दी है।
