
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। भाजपा की राष्ट्रीय नेता एवं हरिद्वार की सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जनपद की सभी सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया। शुक्रवार को जगजीतपुर स्थित मारुति वाटिका के भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए हरिद्वार में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का दावा किया।

बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के साथ निरंतर संपर्क चुनावी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और जनपद की सभी सीटों पर जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जुटने का संदेश दिया।

मां सुषमा स्वराज के हरिद्वार से जुड़ाव का किया जिक्र
बैठक के दौरान बांसुरी स्वराज ने हरिद्वार के विशेष महत्व का उल्लेख करते हुए अपनी मां एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के शहर से गहरे लगाव को भी याद किया। उन्होंने हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बताते हुए इससे अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि हरिद्वार जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करना पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है।

