15 अक्टूबर तक हरिद्वार की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम खुद उतरे मैदान में
चंडी चौक से बैरागी कैंप तक सड़कों का जायजा, शंकराचार्य चौक-भूपतवाला मार्ग पर पेंचवर्क को प्राथमिकता

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सड़कों के गड्ढे भरने की कवायद अब कागजों से निकलकर धरातल पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री के 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप और दक्षद्वीप समेत कई स्थानों का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत कार्यों की हकीकत देखी।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित स्थानों पर डामरीकरण और पेंचवर्क में तेजी लाई जाए। जहां काम धीमा है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने खासतौर पर शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चंडी पुल के मरम्मत कार्य की भी जानकारी ली गई। डीएम ने काम जल्द पूरा करने को कहा, ताकि लंबे समय तक यातायात प्रभावित न हो। आयरिश पुल के पास क्षतिग्रस्त सड़क का भी जायजा लिया गया।

इसके बाद दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण कर डीएम ने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था को समयसीमा के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सड़क के साथ लाइट और रंग-रोगन भी दुरुस्त होगा
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों पर पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया, ताकि सड़क मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था भी बेहतर हो सके

लोक निर्माण विभाग के कुंभ मेला कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि आगामी कुंभ की जरूरतों को देखते हुए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और सड़क मरम्मत की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आमजन को बेहतर सड़क और सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
