केएफडब्ल्यू के दूसरे चरण में अधूरे काम जल्द पूरा करने के निर्देश, तीसरे चरण में इसी माह शुरू होगा काम; 180 करोड़ की चौथे चरण की योजना पर भी मंथन

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार । रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल की बड़ी योजनाओं को अब रफ्तार देने की तैयारी है। विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि जनहित से जुड़े कामों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।
बैठक में केएफडब्ल्यू योजना के दूसरे चरण के तहत जगजीतपुर में चल रहे सीवरेज कार्यों की समीक्षा हुई। विधायक ने जिन इलाकों में अभी सीवर लाइन बिछाने का काम बाकी है, वहां तेजी से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिन स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, वहां सड़क कटिंग को तत्काल दुरुस्त कर सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने को कहा।

सीतापुर और हरिलोक- राजलोक में इसी माह शुरू होगा काम
केएफडब्ल्यू योजना के तीसरे चरण में सीतापुर और हरिलोक- राजलोक क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जानी है। अधिकारियों ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पर विधायक ने इसी माह काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में करीब 180 करोड़ रुपये की केएफडब्ल्यू योजना के चौथे चरण पर भी चर्चा हुई। इसके तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर और आसपास की कॉलोनियों में सीवर लाइन के साथ सीवरेज पंपिंग स्टेशन समेत अन्य कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक ने अंतिम डीपीआर जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।

125 करोड़ की जायका पेयजल योजना भी एजेंडे में
बैठक में करीब 125 करोड़ रुपये की प्रस्तावित जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। योजना के तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक डीपीआर और सर्वे पूरा हो चुका है तथा परियोजना प्रबंधन सलाहकार को काम सौंपा जा चुका है। विधायक ने जरूरी स्वीकृतियां लेकर जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू कराने को कहा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सीवरेज और पेयजल की योजनाएं पूरी होने से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
